
सारण, 28 जनवरी (हि.स.)। जिला पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने गड़खा थाना का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुई कार्रवाई से थाना परिसर में हड़कंप की स्थिति रही। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाने के अभिलेखों, साफ-सफाई, और पुलिस पदाधिकारियों की कार्यशैली का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण का मुख्य केंद्र बिंदु थाना में लंबित पड़े मामले रहे। एसएसपी ने कुल 305 कांडों की फाइल दर फाइल विस्तार से समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान उन्होंने अनुसंधान में हो रही देरी पर असंतोष व्यक्त किया और संबंधित अनुसंधान अधिकारियों को फटकार लगाते हुए लंबित मामलों के जल्द से जल्द निष्पादन के निर्देश दिए।
एसएसपी ने निरीक्षण के दौरान दिशा-निर्देश जारी कर गंभीर मामलों में फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। न्यायालय द्वारा जारी वारंट और कुर्की के आदेशों का शत-प्रतिशत तामीला सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जांच प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।
कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा करते हुए एसएसपी ने कहा कि सारण पुलिस अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील पुलिसिंग अपनाने की नसीहत दी और कहा कि थाने में आने वाले फरियादियों की शिकायतों का समयबद्ध निवारण किया जाए। उनके साथ शालीन व्यवहार करना और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि कर्तव्यों में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्ती और खुफिया तंत्र को और अधिक सक्रिय करने का भी आदेश दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
