जयपुर, 28 जनवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार का बुधवार को विमान दुर्घटना में निधन हो गया। इस दुर्घटना की जानकारी के बाद राजस्थान में शोक की लहर दौड़ गई है। राजस्थान में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी सहित विभिन्न पार्टियों के नेताओं तथा नागरिकों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने विमान क्रेश हादसे में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की पुण्यात्मा की शांति, शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।
राजस्थान में सीएम भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा कि महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में निधन की सूचना अत्यंत दुखद और स्तब्धकारी है। एक कुशल प्रशासक, दूरदर्शी नेता और समर्पित जनसेवक के रूप में उन्होंने महाराष्ट्र के विकास एवं जनकल्याण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया।
भजनलाल ने लिखा कि उनका जाना महाराष्ट्र की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। इस दुःख की घड़ी में मेरी गहन संवेदनाएं उनके परिजनों, समर्थकों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल पवार परिवार को यह असीम पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शान्ति!
राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने एक्स पर लिखा कि बारामती में हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकसंतप्त परिजनों व कार्यकर्ताओं को संबल प्रदान करें।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भी सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा कि विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार सहित अन्य लोगों के असामयिक निधन की खबर से मन अत्यंत व्यथित है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि!!
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
