नई दिल्ली, 28 जनवरी (हि.स.)। भारतीय अंडर-17 पुरुष फुटबॉल टीम जनवरी के अंत और फरवरी की शुरुआत में ताजिकिस्तान के खिलाफ दो मैत्री मुकाबले खेलेगी। ये दोनों मैच 29 जनवरी और 1 फरवरी को गोवा के मार्गाओ स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होंगे। दोनों मुकाबले बंद दरवाजों के पीछे खेले जाएंगे और शाम 4 बजे शुरू होंगे।
मुख्य कोच बिबियानो फर्नांडिस ने इन मुकाबलों के लिए 25 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। ब्लू कोल्ट्स इस समय गोवा में प्रशिक्षण शिविर लगा रही है, जहां टीम एएफसी अंडर-17 एशियन कप सऊदी अरब 2026 की तैयारियों में जुटी हुई है। भारत ने नवंबर में अहमदाबाद में खेले गए क्वालिफाइंग राउंड में ईरान, लेबनान, फिलिस्तीन और चीनी ताइपे को पीछे छोड़ते हुए टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई किया था।
ताजिकिस्तान ने फीफा अंडर-17 विश्व कप 2025 के लिए क्वालिफाई कर एशियन कप में स्वतः प्रवेश हासिल किया है। ये मैत्री मैच भारतीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय अनुभव और रणनीति को मजबूत करने का अहम मौका होंगे।
——————
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय
