गुवाहाटी, 28 जनवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन पर असम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं ने बुधवार को गहरा शोक व्यक्त किया। पवार का आज सुबह मुंबई से पुणे जाते समय विमान दुर्घटना में निधन हो गया। नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से श्रद्धांजलि दी।
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने पवार को देश के लिए एक बड़ी क्षति बताया और उन्हें गतिशील नेता तथा सक्षम प्रशासक के रूप में याद किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
असम के मंत्री पीयूष हजारिका ने कहा कि यह अचानक हुआ नुकसान समझना मुश्किल है और पवार को उनकी ईमानदारी, करुणा और सार्वजनिक सेवा के प्रति आजीवन प्रतिबद्धता के लिए याद किया जाएगा।
असम भाजपा के अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया ने भी दुख जताते हुए कहा कि पवार के असामयिक निधन से सार्वजनिक जीवन में एक खालीपन आ गया है। उन्होंने दिवंगत नेता के परिवार और प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
देश भर के नेताओं ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया और संदेशों का सिलसिला जारी है।—————
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
