बलिया, 28 जनवरी (हि.स.)। बलिया में बुधवार को हुई बाबू मैनेजर सिंह मैराथन प्रतियोगिता इथियोपिया के धावक फिरोनशा के नाम रही। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह द्वारा आयोजित 42 किलोमीटर की मैराथन का उद्घाटन प्रदेश सरकार के खेल मंत्री गिरीश यादव ने किया।
बलिया के वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम से बैरिया स्थित बाबू मैनेजर सिंह स्मारक तक 42 किलोमीटर की मैराथन दौड़ में प्रथम स्थान इथियोपिया के धावक फिरोनशा ने हासिल किया। जबकि मुजफ्फरपुर के अक्षय कुमार द्वितीय, दिल्ली के अमरेश प्रजापति तृतीय, सतना (मध्यप्रदेश) के अभिषेक सोनी चौथे और मुजफ्फरपुर के आकाश कुमार पांचवें स्थान पर रहे। प्रथम स्थान हासिल करने वाले फिरोनशा को दो लाख 25 हजार का इनाम दिया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह को सम्बोधित करते हुए खेल मंत्री गिरीश यादव ने कहा कि मैराथन जैसे आयोजन युवाओं में खेल भावना, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करते हैं। खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि मानसिक मजबूती, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसे अभियानों को नई ऊर्जा मिलती है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, पूर्व मंत्री नारद राय, महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख गुड्डू राय, जिला मंत्री अरुण सिंह बंटू, कृष्णा पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी
