जम्मू, 28 जनवरी (हि.स.)।
जम्मू-कश्मीर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का अनुसूचित जाति मोर्चा पूज्य संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती को 6 फरवरी, 2026 को पूरे उत्साह, श्रद्धा और जनभागीदारी के साथ मनाएगा। इसके लिए केंद्र शासित प्रदेश में 31 जनवरी से 7 फरवरी तक सुनियोजित और सार्थक कार्यक्रमों की एक श्रृंखला आयोजित की जाएगी।
यह घोषणा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष और जिला परिषद सदस्य धर्मिंदर कुमार ने जम्मू के त्रिकुटा नगर स्थित भाजपा मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए की। उनके साथ मोर्चा के उपाध्यक्ष राज कुमार भगत, महासचिव मोहिंदर भगत और सीमा देवी, जिला परिषद सचिव विद्या मोतन, सूचना प्रौद्योगिकी प्रभारी सुमित कुमार और मीडिया प्रभारी आर.एल. कैथ भी उपस्थित थे। इस अवसर के महत्व को रेखांकित करते हुए धर्मिंदर कुमार ने कहा कि गुरु रविदास जी एक महान आध्यात्मिक और सामाजिक सुधारक थे जिनकी शिक्षाएं पीढ़ियों को प्रेरित करती रहती हैं।
उन्होंने बताया कि भाजपा एससी मोर्चा 31 जनवरी से 7 फरवरी तक श्री गुरु रविदास जयंती सप्ताह 2026 के उपलक्ष्य में कार्यक्रमों की एक श्रृंखला आयोजित करेगा। कार्यक्रम के ढांचे के अनुसार समारोहों में सामाजिक जागरूकता पहल सामुदायिक संपर्क गतिविधियां, सामूहिक प्रार्थनाएं और गुरु रविदास जी के दर्शन पर चर्चा शामिल होगी जिसका उद्देश्य समुदाय को सशक्त बनाना है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता
