नई दिल्ली, 28 जनवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में असामयिक निधन पर दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्रियों ने दुख जताया है। उन्होंने इसे महाराष्ट्र के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने एक्स पोस्ट में कहा कि आज बारामती में हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन से मैं अत्यंत स्तब्ध और दुखी हूं। उनका अचानक चले जाना महाराष्ट्र और उन सभी भारतीयों के लिए एक अपार क्षति है, जिन्होंने दशकों तक उनकी समर्पित जनसेवा का सम्मान किया। इस भयावह दुर्घटना में अन्य लोगों का जान गंवाना भी उतना ही दुखद है। शोक संतप्त परिवारों, अनुयायियों और इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में कहा कि अजित पवार के असामयिक निधन की खबर अत्यंत पीड़ादायक एवं स्तब्ध करने वाली है। उनका जाना भारतीय राजनीति विशेष रूप से महाराष्ट्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोकाकुल परिवारजनों एवं उनके समर्थकों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकसंतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति और संबल प्रदान करें।
दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि अजीत पवार का अचानक चले जाना महाराष्ट्र और उन सभी भारतीयों के लिए एक अपार क्षति है, जिन्होंने दशकों तक उनकी समर्पित जनसेवा का सम्मान किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों, अनुयायियों और इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं दी।
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि अजित पवार का जाना महाराष्ट्र की राजनीति में एक ऐसा शून्य पैदा कर गया है जिसे भरना असंभव है। सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। वाहेगुरु जी से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
————-
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव
