धर्मशाला, 28 जनवरी (हि.स.)। प्रख्यात बागवानी वैज्ञानिक एवं पालमपुर निवासी प्रो. एस.के. शर्मा को उनके द्वारा बागवानी विज्ञान के क्षेत्र में अनुसंधान एवं विकास के लिए किए गए उल्लेखनीय एवं आजीवन योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड (रिसर्च एंड डेवलपमेंट इन हॉर्टिकल्चरल साइंसेज) से सम्मानित किया गया। लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड का यह सम्मान प्रो. एस.के. शर्मा के समर्पण, वैज्ञानिक दूरदृष्टि और भारतीय बागवानी विज्ञान के सतत विकास में उनके अमूल्य योगदान का प्रतीक है।
यह प्रतिष्ठित सम्मान 28 जनवरी 2026 को रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी में आयोजित चतुर्थ बागवानी शिखर सम्मेलन सह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (28 से 30 जनवरी 2026) के उद्घाटन सत्र के दौरान प्रदान किया गया।
अपने दीर्घ एवं गौरवशाली अकादमिक-प्रशासनिक जीवन में प्रो. एस.के. शर्मा ने देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए बागवानी शिक्षा, अनुसंधान एवं संस्थागत विकास को नई दिशा प्रदान की।
संस्थापक डीन, कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर, केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, बेरमियोक, सिक्किम
संयुक्त निदेशक, इंस्टिट्यूट ऑफ हॉर्टिकल्चर टेक्नोलॉजी, ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश)
डीन, डॉ. खेम सिंह गिल अकाल कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर, इटरनल यूनिवर्सिटी, बारू साहिब, जिला सिरमौर (हिमाचल प्रदेश)
प्रो. शर्मा को विशेष रूप से शुष्क क्षेत्र बागवानी, फल फसल अनुसंधान, संस्थागत सुदृढ़ीकरण तथा मानव संसाधन विकास में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त है। उनके मार्गदर्शन में अनेक वैज्ञानिक, शिक्षक एवं विद्यार्थी लाभान्वित हुए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
