मुंबई, 28 जनवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के विमान दुर्घटना में हुए निधन के बाद राज्य में शोक की लहर है। मुंबई मनपा चुनाव के नतीजे आने के बाद महापौर चयन का इंतजार था। लेकिन अब महापौर के चुनाव में देरी हो सकती है। तीन दिवसीय राजकीय शोक के कारण महापौर चयन में विलंब होने की संभावना है।
भाजपा और शिंदे गुट के नगरसेवक बुधवार को कोंकण भवन जाकर ग्रुप पंजीकरण कराने वाले थे। लेकिन अजीत पवार के निधन के कारण उनका पंजीकरण नही हो सका। जब तक पंजीकरण नहीं हो जाता तब तक महापौर के चुनाव के लिए तारीख की घोषणा नहीं हो सकती। सभी राजनीतिक दलों की पंजीकरण प्रक्रिया पूरे होने के बाद 7 दिन के भीतर महापौर का चुनाव कराना अनिवार्य है।
मनपा अधिकारियों के अनुसार चुनाव के दौरान सभा के पीठासीन अधिकारी मनपा आयुक्त भूषण गगरानी रहेंगे। राजनीतिक दलों के नगरसेवकों के ग्रुप पंजीकरण होने के बाद मनपा सचिव चुनाव की तारीख तय करेंगे। इसके बाद मनपा की एक विशेष जनरल बॉडी 227 नगरसेवकों को महापौर चुनाव के लिए सूचना प्रदान करेगी। महापौर चुनाव के दिन ही उप महापौर का भी चुनाव कराया जा सकता है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
