नई दिल्ली, 29 जनवरी (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने गुरुवार को सीनियर पुरुष राष्ट्रीय टीम के कोचिंग कैंप के लिए 33 सदस्यीय कोर संभावित खिलाड़ियों के समूह की घोषणा की। यह कैंप 1 से 7 फरवरी तक ओडिशा के राउरकेला में आयोजित किया जाएगा और आगामी एफआईएच पुरुष प्रो लीग की तैयारियों का अहम हिस्सा होगा। प्रो लीग का यह चरण 10 से 15 फरवरी तक राउरकेला के बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा।

भारत के लिए यह घरेलू चरण वर्ष 2026 के पहले अभियान की शुरुआत करेगा। यह चयन हाल ही में संपन्न हीरो हॉकी इंडिया लीग के बाद किया गया है, जहां सीनियर खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी अनुभव मिला, वहीं युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के दिग्गजों के साथ खेलने का अवसर प्राप्त हुआ।

घोषित संभावित समूह में चार गोलकीपर शामिल किए गए हैं, जिसमें पवन, सूरज करकरा, मोहित होन्नेनाहल्ली शशिकुमार और प्रिंसदीप सिंह हैं।रक्षापंक्ति में अमित रोहिदास, जरमनप्रीत सिंह, संजय, कप्तान हरमनप्रीत सिंह, जुगराज सिंह, सुमित, पूवन्ना चंदुरा बॉबी, यशदीप सिवाच, नीलम संजीप ज़ेस और अमनदीप लाकड़ा को जगह दी गई है।
मिडफील्ड की जिम्मेदारी राजिंदर सिंह, मनमीत सिंह, हार्दिक सिंह, मोइरंगथेम रबीचंद्र सिंह, विवेक सागर प्रसाद, विष्णु कांत सिंह, राज कुमार पाल, नीलकांत शर्मा और रोसन कुजूर संभालेंगे। फॉरवर्ड लाइन में अभिषेक, सुखजीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, मनदीप सिंह, अरजीत सिंह हुंडाल, अंगद बीर सिंह, उत्तम सिंह, सेल्वम कार्थी, आदित्य अर्जुन ललागे और मनिंदर सिंह को शामिल किया गया है।
कैंप से पहले भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा, “हीरो हॉकी इंडिया लीग के बाद हमें लगा कि टीम में रोटेशन का यह सही समय है। हमने कुछ सीनियर खिलाड़ियों को कार्यभार प्रबंधन के तहत आराम दिया है, जबकि शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। राउरकेला और होबार्ट में होने वाले प्रो लीग मुकाबले विश्व कप और एशियाई खेलों के लिए अंतिम टीम चयन की दिशा में बेहद अहम होंगे।”
सीनियर पुरुष कैंप के लिए 33 सदस्यीय संभावित खिलाड़ी सूची
गोलकीपर:
पवन, सूरज करकरा, मोहित होन्नेनाहल्ली शशिकुमार, प्रिंसदीप सिंह
डिफेंडर:
अमित रोहिदास, जरमनप्रीत सिंह, संजय, हरमनप्रीत सिंह, जुगराज सिंह, सुमित, पूवन्ना चंदुरा बॉबी, यशदीप सिवाच, नीलम संजीप ज़ेस, अमनदीप लाकड़ा
मिडफील्डर:
राजिंदर सिंह, मनमीत सिंह, हार्दिक सिंह, मोइरंगथेम रबीचंद्र सिंह, विवेक सागर प्रसाद, विष्णु कांत सिंह, राज कुमार पाल, नीलकांत शर्मा, रोसन कुजूर
फॉरवर्ड:
अभिषेक, सुखजीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, मनदीप सिंह, अरजीत सिंह हुंडाल, अंगद बीर सिंह, उत्तम सिंह, सेल्वम कार्थी, आदित्य अर्जुन ललागे, मनिंदर सिंह
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे
