नोएडा, 29 जनवरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार काे नोएडा दौरे के दौरान एक बातचीत में यूजीसी को लेकर कहा कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में बहस चल रही है। उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि दोषी बचे ना और निर्दोष के साथ अन्याय ना हो उन्होंने कहा कि यह मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है। वहां पर हर पहलू पर बहस होगी।

उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी वर्ष 2012 में रेगुलेशन आया था। उसमें कमी क्या रही और उसमें क्या-क्या फैसले हुए, या किस तरह के यूनिवर्सिटी और वहां के लोगों ने उसे स्वीकार किया था। उन्होंने कहा कि 2012 के रेगुलेशन से हमने क्या सीखा और 2026 के रेगुलेशन में क्या होगा। उन्होंने कहा कि जब हमारा संविधान कहता है कि कहीं भी भेदभाव नहीं होना चाहिए, फिर भी भेदभाव होता है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री कहते हैं कि उन्होंने देश में सबसे ज्यादा मेट्रो रेल बनाई है। उन्होंने दावा किया कि नोएडा ग्रेटर नोएडा और दिल्ली से नोएडा के जोड़ने वाली मेट्रो रेल सपा सरकार में बनी। उन्होंने कहा कि लखनऊ में सपा सरकार ने मेट्रो रेल बनाई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री देश के प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र बनारस में मेट्रो रेल नहीं बनवा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री पानी में मेट्रो चलवाने की बात कर रहे हैं। वह सड़क पर मेट्रो चला नहीं पा रहे हैं, पानी में मेट्रो चलाएंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने प्रधानमंत्री के लोकसभा क्षेत्र में मेट्रो बनाने के लिए डीपीआर और बजट दिया था, लेकिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनारस में मेट्रो नहीं बना रहे हैं।

नोएडा के सेक्टर 150 में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की गहरे गढ़े के पानी मे डूबकर हुई मौत के मामले में उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग काफी होशियार हैं। वे लोग देश चला रहे हैं। घटना किसकी वजह से हुई, सवाल घटना का नहीं है। सवाल यह है कि वह बच्चा कार के ऊपर खड़ा होकर मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन मदद नहीं पहुंची। उन्होंने कहा कि जो लोग वहां पर पहुंचे थे वे लोग ठंडे पानी की वजह से बचाने नहीं गए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सभी मामले को मैनेज कर लिया है। इस पर चर्चा भी नहीं होने देंगे। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज दोपहर बाद गौतमबुद्ध नगर के दौरे पर आए थे। उन्होंने सपा नेता मोहित नागर के घर पर पहुंचकर आगामी विधानसभा चुनाव, किसानों की समस्या और छात्रों की समस्याओं पर चर्चा की।
—————
हिन्दुस्थान/सुरेश
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी
