कानपुर, 29 जनवरी (हि.स.)। व्यापारियों का उत्पीड़न लगातार बढ़ रहा है, जबकि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में व्यापारी वर्ग की अहम भूमिका है। व्यापारी न केवल अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, बल्कि जीएसटी कलेक्शन में भी सबसे बड़ा योगदान देते हैं। इसके बावजूद राजनीतिक भागीदारी में उनकी लगातार उपेक्षा की जा रही है। यह बातें गुरुवार को प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप शुक्ला ने कही।

प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल द्वारा सिविल लाइन स्थित मर्चेंट चेंबर हाल में व्यापारी महासम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए व्यापारी नेताओं ने शिरकत की। सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप शुक्ला का माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप शुक्ला ने कहा कि समाज में 30 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी व्यापारी वर्ग की है। व्यापारी सबसे अधिक टैक्स देते हैं और चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाते हैं, लेकिन वोट देने के बाद उन्हें नजरअंदाज कर दिया जाता है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जब व्यापारी वोट और टैक्स देता है, तो उसे सत्ता और राजनीति में भी समान हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से मांग की कि आगामी जिला पंचायत चुनाव और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में व्यापारियों को उनकी संख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व दिया जाए। अनुप शुक्ला ने स्पष्ट कहा कि जिस सरकार में व्यापारियों की भागीदारी होगी, वही सरकार सत्ता में आएगी। सम्मेलन में बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि आगामी जिला पंचायत चुनाव और 2027 के चुनाव में व्यापारियाें की अहम भूमिका होगी। जिसके साथ व्यापारी होगा उसी के सरकार बनेगी, इसलिए राजनीतिक दलों को यह साेचना होगा कि विधानसभा चुनाव में व्यापारी संख्या के अनुसार व्यापारी को मौका मिले। एक तरफ ऑनलाइन शॉपिंग से व्यापारियाें का व्यापार बंद होने की कगार पर है तो दूसरी तरफ जीएसटी फूड विभाग एवं अन्य विभाग के अधिकारी व्यापारियों को लगातार परेशान कर उगाही कर रहे हैं।
आगे कहा, प्रदेश भर से आए हुए व्यापारियों की समस्याओं को लेकर हमारे मंडल द्वारा मांग पत्र तैयार कर प्रदेश के सभी जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को सौंपा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
