बरेली, 29 जनवरी (हि.स.) । शहर के सर्राफा व्यापारियों ने अपनी समस्याओं को संगठित रूप से उठाने के लिए नई पहल की है। गुरुवार को सिविल लाइंस जंक्शन रोड स्थित होटल डी ग्रैंड में आयोजित बैठक और प्रेस वार्ता में यू.पी. सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन (रजि.) के गठन की घोषणा की गई। संगठन के गठन से व्यापारियों में उत्साह और एकजुटता का माहौल देखने को मिला।

बैठक में व्यापारियों ने बताया कि सोने-चांदी के दामों में रोजाना हो रहे उतार-चढ़ाव, गिरवी रखे गहनों से जुड़ी परेशानियां, चोरी-डकैती का भय, धारा 411 और बीएनएस की धारा 317 जैसी कानूनी जटिलताएं, आभूषणों की शुद्धता तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी का अभाव सर्राफा कारोबार की बड़ी चुनौतियां हैं। नवगठित संगठन इन सभी मुद्दों को मजबूती से उठाएगा।

बैठक में सर्वसम्मति से संगठन के पदाधिकारियों की घोषणा की गई। प्रताप चंट शेठ, प्रेम प्रकाश अग्रवाल और विनीत रस्तोगी को संरक्षक बनाया गया। अनिल पाटिल को प्रदेश अध्यक्ष, विशाल मेहरोत्रा को मंडल अध्यक्ष, सुशील बंसल को जिला अध्यक्ष और संजीव अग्रवाल (पूर्व पार्षद) को महानगर अध्यक्ष चुना गया। वहीं रामनारायण गुप्ता को जिला प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रदेश अध्यक्ष अनिल पाटिल ने कहा कि अब सर्राफा व्यापारी अकेला नहीं रहेगा, संगठन हर स्थिति में उसके साथ खड़ा रहेगा। मंडल अध्यक्ष विशाल मेहरोत्रा ने सुरक्षा और एकजुटता को प्राथमिकता बताया। बैठक में शहर व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सर्राफा व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने संगठन को सर्राफा कारोबार के लिए नई शुरुआत करार दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
