किसानों की मांगों को लेकर आम आदमी पार्टी का प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन

कोरबा, 29 जनवरी (हि. स.)। आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में किसानों के साथ हो रहे अन्याय पर आज गुरुवार काे कोरबा जिले के घंटाघर पर विशाल धरना प्रदर्शन किया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष भानु चंद्रा ने कहा कि सरकार छत्तीसगढ़ के अन्नदाता के खिलाफ एक के बाद एक नए नए षड्यंत्र कर आत्महत्या के लिए मज़बूर कर रही है।

उन्हाेंने कहा कि सरकार ने घोषणा की थी कि धान खरीद 15 नवंबर से शुरू की जायेगी, लेकिन सबको पता है कि सरकार ने लेट कर धान खरीद कहीं पर 17 तारीख कहीं पर 18 तारीख और कई जगह तो 25 नवम्बर से खरीद चालू की। और अब धान खरीद 29 जनवरी को बंद कर रहे हैं, जबकि सरकार ने 31 जनवरी तक धान खरीदने की बात कही थी, जो कि अपनी बात से ही मुकर रही है। सरकार ने साजिश के तहत लाखों छोटे किसानों का जबरदस्ती रकबा समर्पण करवा रही है। वहीं कुछ किसानों को आज तक टोकन नहीं मिला है ना ऑनलाइन, ना ऑफलाइन। जो छोटे किसान थे उन्हें एक टोकन, जो मीडियम किसान थे उन्हें दाे टोकन और बड़े किसानों को तीन टोकन दिया गया। बावजूद इसके आज भी किसान अपनी पूरी धान नहीं बेंच पा रहें हैं।
धान खरीद केंद्र की प्रतिदिन लिमिट को सरकार ने इस बार कम कर दिया था, जिससे किसान सिर्फ लाइन लगाकर अपना इंतजार करते परेशान ही दिखे। टोकन काटने से पहले पटवारी आरआई और तहसीलदार किसानों को घर में जाकर भौतिक सत्यापन कर धान चेक कर रहे हैं सरकार की नज़र में क्या किसान चोर हैं? धान बोवाई से लेकर, कभी बीज नहीं, कभी यूरिया खाद नहीं, फिर एग्रीस्टेक में खराबी की बात कह पूर्व में ही लाखों किसानों का रकबा काट दिया गया।
आप प्रदेश संयुक्त सचिव प्रतिमा ने कहा कि प्रदेश के मंत्रिमंडल में हर मंत्री किसान परिवार से है फिर भी किसानों की अनदेखी क्यों की जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश भी किसान हैं, लेकिन किसानों के लिए सशक्त आवाज नहीं उठा रहे हैं। कांग्रेस भी सवालों के घेरे में है। किसानो की हितैषी बात करने वाली सरकार धान खरीद में पूरी तरह फेल हो चुकी है। सरकारी समितियों में भ्रष्टाचारी सिस्टम लाखों क्विंटल धान को चूहों द्वारा खा लिया ऐसा कहकर जनता के पैसे का भ्रस्टाचार कर रहें हैं और यह सरकार उसे रोकने में पूरी तरह नाकाम ही रही है। क्या आज तक किसी अधिकारी पर एफआईआर हुई? यह किसान हितैषी नहीं किसान विरोधी सरकार है। सभी मांगों को लेकर प्रदेश में किसानों के समर्थन में आम आदमी पार्टी द्वारा आज प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।
जिला अध्यक्ष रिचर्ड डेविड लोगन ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार किसानों से जबरदस्ती रकबा समर्पण कराना बंद करे, टोकन के नाम पर भौतिक सत्यापन कर किसानों को अपमानित करना बंद करे ,सभी किसानों को समुचित टोकन व्यवस्था करे और धान खरीद की तारीख 28 फरवरी तक करे, ताकि प्रदेश का अन्नदाता किसान अपनी सारी फसल को बेंच सके। इस अवसर पर लोकसभा महासचिव शत्रुघन साहू, लोकसभा उपाध्यक्ष भूषण कुर्रे ,सत्येंद्र यादव ,विजय नायक ,महिला विंग अध्यक्ष सरोज यादव सोमराज ,टी सी सूरज, एसटी महिला विंग अध्यक्ष पुष्पा लहरें, ठंडाराम, रामलाल मार्को, वामन वडोदकर सहित बड़ी संख्या कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
