कोरबा, 29 जनवरी (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी के नवीन जिला कार्यालय के भूमिपूजन अवसर पर भाजपा जिला कोरबा द्वारा मीडिया से संवाद सह भेंटवार्ता कार्यक्रम का आयोजन आज गुरुवार को प्रेस क्लब, तिलक भवन, टीपी नगर, कोरबा में किया गया। इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, विधायक प्रेमचंद पटेल, कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, रायपुर संभाग के सह प्रभारी राजीव सिंह एवं जिला महामंत्री युवा मोर्चा नरेंद्र देवांगन की विशेष उपस्थिति रही।

मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि “सेवा ही संगठन है” के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए भाजपा जिला कोरबा द्वारा एक भव्य, आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त जिला कार्यालय के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि कोरबा जिले के नवीन भाजपा जिला कार्यालय का नामकरण “अटल स्मृति भवन” के रूप में किया जाएगा, जो भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और आदर्शों का प्रतीक होगा।

गोपाल मोदी ने जानकारी दी कि यह नया जिला कार्यालय लगभग एक एकड़ 68 डिसमिल भूमि पर निर्मित किया जाएगा। अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन दूर-दराज से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए संगठनात्मक गतिविधियों, प्रशिक्षण, वैचारिक विमर्श और जनसेवा का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने भाजपा के संगठनात्मक इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि पूर्व में भाजपा जिला कार्यालय का भूमिपूजन 16 जनवरी 1991 को तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष लखीराम अग्रवाल के कर-कमलों से हुआ था तथा उसका लोकार्पण 24 मार्च 1993 को कुशाभाऊ ठाकरे द्वारा किया गया था।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित नया कार्यालय केवल एक भवन नहीं होगा, बल्कि यह भाजपा की विचारधारा, संस्कार और “राष्ट्र प्रथम” की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने वाला वैचारिक केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में पूर्व महापौर जोगेश लांबा, अशोक चावलानी, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता विकास अग्रवाल, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय सहित जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकार, भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुए इस कार्यक्रम के दौरान संगठन की भावी योजनाओं और भाजपा के जनसेवा संकल्प को लेकर सार्थक संवाद हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
