जांजगीर-चांपा, 29 जनवरी (हि. स.)। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवागांव (खिसोरा) में एक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

मृतकों की पहचान अविनाश यादव (22 वर्ष) पिता बुधराम यादव और अविनाश यादव (21 वर्ष) पिता संतोष यादव, निवासी खिसोरा के रूप में हुई है। आज गुरुवार दोपहर दोनों युवक एक ही बाइक में सवार होकर किसी काम से नवागांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक ट्रैक्टर के चक्के के नीचे आ गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। सड़क पर खून बहने लगा और दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि दोनों युवक गंभीर अवस्था में सड़क पर पड़े हुए हैं और उनकी मौत हो चुकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और बाइक को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किसकी लापरवाही से हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
—————
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT
