क्वेटा (बलोचिस्तान), 29 जनवरी (हि.स.)। पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत के दुक्की जिले में सहायक आयुक्त कार्यालय परिसर में स्थित गोदाम से अज्ञात व्यक्तियों ने 270 किलोग्राम अफीम और हशीश पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए नशीले पदार्थों में 233 किलोग्राम अफीम और 37 किलोग्राम हशीश है।
द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने कहा कि यह घटना बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात घटी। संदिग्धों ने खिड़की तोड़कर गोदाम में प्रवेश किया और 233 किलोग्राम अफीम और 37 किलोग्राम हशीश लेकर रफूचक्कर हो गए। थाना प्रभारी फरमान अली खोसा ने कहा कि यह अफीम और हशीश लेवी फोर्स ने जब्त की थी।
पुलिस ने हैरानी जताई की है कि आरोपितों ने केवल उसी कमरे की खिड़की को निशाना बनाया, जहां अफीम और हशीश रखी थी। इससे गोदाम के कर्मचारियों पर शक गहरा गया है। इसलिए पुलिस और प्रशासन संयुक्त रूप से घटना की जांच कर रहे हैं। अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद
