मुंबई, 29 जनवरी (हि.स.)। मुंबई मनपा के मुंबई पब्लिक स्कूलों (एमपीएस), में एडमिशन के लिए 4047 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन 22 स्कूलों में कुल 2,296 सीटें उपलब्ध हैं। ये स्कूल सीबीएसई सहित गैर–राज्य बोर्ड पाठ्यक्रम संचालित करते हैं।

अधिकांश आवेदन नर्सरी कक्षा के लिए आए हैं, जो प्री-प्राइमरी स्तर की प्रवेश कक्षा होती है। आवेदनों की जांच के बाद पात्र विद्यार्थियों की सूची 30 जनवरी को जारी की जाएगी। लॉटरी प्रक्रिया 3 से 7 फरवरी के बीच पूरी की जाएगी। चयनित छात्रों की अंतिम सूची 9 फरवरी को घोषित की जाएगी। संबंधित स्कूलों में प्रवेश की औपचारिकताएं 11 से 28 फरवरी के बीच पूरी की जाएंगी। शैक्षणिक वर्ष अप्रैल 2026 से शुरू होगा।

इस वर्ष मनपा के शिक्षा विभाग ने पांच स्कूलों में प्रवेश क्षमता बढ़ाए जाने के बाद जूनियर केजी, सीनियर केजी और कक्षा पहली में भी सीटें उपलब्ध कराई हैं। इससे पिछले वर्ष की तुलना में इस साल 1,242 से बढ़कर सीटों की संख्या काफी अधिक हो गई है। मनपा उपायुक्त (शिक्षा) प्राची जांभेकर के अनुसार हमें प्रवेश के लिए अच्छा प्रतिसाद मिला है। सभी वर्गों के बच्चे मनपा स्कूलों में प्रवेश लेना चाहते हैं। हम नई कक्षाएं जोड़कर अधिक से अधिक बच्चों को समायोजित करने का प्रयास कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है।
मनपा स्कूलों में महाराष्ट्र राज्य बोर्ड का पाठ्यक्रम पढ़ाया जाता रहा है। वर्ष 2020 में मनपा स्कूलों का नाम बदलकर मुंबई पब्लिक स्कूल किए जाने के बाद गैर–राज्य बोर्ड पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। इस वर्ष कुल 22 एमपीएस स्कूल गैर–राज्य बोर्ड पाठ्यक्रम संचालित कर रहे हैं, जिनमें से 19 स्कूल सीबीएसई, जबकि एक-एक स्कूल आईसीएसई, इंटरनेशनल बैकालॉरिएट (आईबी) और कैम्ब्रिज पाठ्यक्रम प्रदान कर रहे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
