बक्सर, 29 जनवरी (हि.स.)।

शहर को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर परिषद बक्सर ने पहल करते हुए जीआईएस आधारित बेस मैप एवं संपत्ति सर्वेक्षण कार्य की शुरुआत की है।

गुरुवार को नगर परिषद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सभापति कमरुन निशा, उपसभापति बेबी देवी और कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक की मौजूदगी में इस योजना का शुभारंभ किया गया। यह कार्य नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार के आदेश पर कराया जा रहा है।
यह सर्वेक्षण दो चरणों में पूरा होगा। पहले चरण में पूरे शहर का अत्याधुनिक जीआईएस बेस मैप तैयार किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में घर-घर जाकर संपत्तियों का विस्तृत सर्वे किया जाएगा। इसकी शुरुआत वार्ड संख्या 3 से होगी।
सर्वे पूरा होने के बाद शहर के प्रत्येक घर को एक यूनिक हाउस आईडी दी जाएगी और नगर परिषद द्वारा आधिकारिक नंबर प्लेट जारी की जाएगी। इससे घरों की पहचान आसान होगी और सभी आंकड़े डिजिटल पोर्टल पर सुरक्षित रहेंगे।
कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक ने बताया कि यह बहुउद्देशीय सर्वे भविष्य की योजनाओं, राजस्व संग्रह और पारदर्शिता को मजबूत करेगा। नगर परिषद ने आम नागरिकों से सर्वे टीम को सही जानकारी देकर सहयोग करने की अपील की है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा
