लखनऊ दर्शन बस सेवा युवा पीढ़ी को पर्यटन से जोड़ने का प्रयास कर रही: जयवीर सिंहलखनऊ, 29 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने शिक्षा को अनुभव से जोड़ने की दिशा में एक विशेष पहल करते हुए स्कूली बच्चों को रियायती दरों पर लखनऊ दर्शन बस के माध्यम से राजधानी भ्रमण कराया। इस पहल के तहत बुधवार और गुरूवार को कक्षा 6 और 7 के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने लखनऊ की ऐतिहासिक और आधुनिक पहचान से रूबरू होते हुए विधानसभा सहित प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया। यह शैक्षिक भ्रमण विद्यालय के पाठ्यक्रम का हिस्सा रहा, जिससे बच्चों को लोकतांत्रिक व्यवस्था और शहर की विरासत को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर मिला।

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यूपीएसटीडीसी की यह पहल सरकार की अनुभव आधारित पर्यटन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। लखनऊ दर्शन के माध्यम से युवा होती पीढ़ी को कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकलकर अपने शहर को जानने-समझने का अवसर मिला। यह अनुभव विद्यार्थियों को विरासत से जोड़ने के साथ भविष्य के लिए जिम्मेदार पर्यटक बनाना है। मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि शैक्षिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यूपीएसटीडीसी की ओर से स्कूली विद्यार्थियों को टिकट दर में 20 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की गई। नियमित रूप से 400 रुपए प्रति विद्यार्थी के किराए के स्थान पर 320 रुपए रियायती दर पर यह सुविधा उपलब्ध कराई गई। यह कदम शैक्षणिक संस्थानों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।छात्रों के लिए इस भ्रमण का सबसे महत्वपूर्ण अनुभव उत्तर प्रदेश विधान सभा का दौरा रहा। विद्यार्थियों ने विधानसभा कक्ष देखा। छात्र अथर्व त्रिपाठी ने बताया कि विधानसभा जाना और मुख्य सदन को देखना अविस्मरणीय अनुभव रहा। हम लोकतंत्र के बारे में किताबों में पढ़ते हैं, लेकिन जहां महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाते हैं, उसे प्रत्यक्ष देखना बिल्कुल अलग अनुभव था। अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य अमृत अभिजात ने बताया कि लखनऊ की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक विरासत से विद्यार्थियों और पर्यटकों को रूबरू कराने वाली लखनऊ दर्शन बस सेवा ने थोड़े समय में ही विशिष्ट पहचान बनाई है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित यह सेवा न केवल शहर के प्रमुख दर्शनीय स्थलों को जोड़ रही है, बल्कि स्कूली छात्रों को पर्यटन से जोड़ते हुए शैक्षणिक अनुभव का भी सशक्त माध्यम बन रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन
