गुवाहाटी, 29 जनवरी (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए राज्य के देशभक्तों और स्थानीय (खिलंजिया) लोगों से कांग्रेस पार्टी छोड़ने का आह्वान किया है। असम प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के प्रवक्ता कमल कुमार मेधि ने कांग्रेस नेताओं गौरव गोगोई और रकीबुल हुसैन पर गंभीर आरोप लगाए।

कमल कुमार मेधि ने गुरुवार को यह आरोप लगाया कि गौरव गोगोई और रकीबुल हुसैन पाकिस्तान परस्त सोच रखते हैं और उनके लिए असम तथा असमिया समाज के हितों का कोई महत्व नहीं है। उन्होंने कहा कि ये दोनों नेता प्रवासी मियां मुसलमानों के साथ मिलकर असम की पिछड़ी जातियों और जनजातियों के खिलाफ साजिश रच रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि गौरव गोगोई और रकीबुल हुसैन दोनों ही पाकिस्तानी समर्थक विचारधारा से जुड़े हैं। उन्होंने रकीबुल हुसैन के पारिवारिक इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके पिता नूरुल हुसैन मुस्लिम लीग के कार्यकर्ता थे, जिन्होंने अपने घर में पाकिस्तान का झंडा फहराया था और प्रवासी मुसलमानों के बीच जाकर जिन्ना के समर्थन में प्रचार किया था। मेधि ने आरोप लगाया कि उसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए अब गौरव गोगोई और रकीबुल हुसैन मिलकर मुस्लिम लीग के सपने को साकार करने में जुटे हैं।
कमल कुमार मेधि ने यह भी आरोप लगाया कि इन दोनों कांग्रेस नेताओं ने विभिन्न तरीकों से स्वदेशी और भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ कथित जिहादी हमलों की दीर्घकालिक साजिश का नेतृत्व किया है। उन्होंने कहा कि इनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि चुनाव के जरिए मियां बहुल इलाकों में अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करना है। इसी कारण कांग्रेस पार्टी को अब पूरी तरह से “मियां पार्टी” में तब्दील कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि मियां समुदाय को साथ लेकर खिलंजिया और भारतीय मूल के लोगों पर नए-नए हमले करने की साजिश रची जा रही है। ऐसे में असमप्रेमी और देशभक्त किसी भी खिलंजिया व्यक्ति को अब कांग्रेस पार्टी का सदस्य नहीं रहना चाहिए। भाजपा प्रवक्ता ने संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से कांग्रेस से दूरी बनाने का खुला आह्वान किया।
कमल कुमार मेधि ने कांग्रेस में शामिल असम और असमिया समाज से प्रेम करने वाले लोगों से अपील की कि वे पार्टी छोड़कर असम माता की सुरक्षा के लिए समर्पित हों। उन्होंने यह भी दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी द्वारा मांगे गए 720 आवेदनों में से 600 से अधिक आवेदन केवल एक ही समुदाय से संबंधित हैं। इसके आधार पर उन्होंने टिप्पणी की कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का कोई भी विधायक असमिया मूल का नहीं होगा।—————
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
