ग्वालियर, 29 जनवरी (हि.स.)। दो दिन बाद दोपहर में धूप निकली तो सर्दी से कुछ हद तक राहत मिली लेकिन यह राहत अस्थाई है क्योंकि अगले 48 घंटे में मौसम फिर से बदल सकता है। 31 जनवरी से तीन फरवरी तक ग्वालियर-चंबल अंचल में एक बार फिर बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

यहां बता दें कि ग्वालियर सहित आसपास के जिलों में बीते मंगलवार को जोरदार बारिश हुई थी। इसके अगले दिन बुधवार को भी घने कोहरे के साथ बादल भी छाए रहने से सूरज के दर्शन नहीं हुए थे। गुरुवार को भी सुबह घना कोहरा छाया रहा। इस दौरान सुबह साढ़े आठ बजे तक दृश्यता लगभग 50 मीटर रही। दिन चढऩे के साथ कोहरा बादलों में परिवर्तित हो गया। हालांकि दोपहर लगभग 12 बजे के बाद धूप भी निकली। इस दौरान सर्दी से राहत मिली लेकिन शाम होते-होते सर्दी का प्रकोप बढ़ गया। दोपहर में धूप निकलने की वजह से आज अधिकतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 3.4 डिग्री सेल्सियस बढक़र 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि यह सामान्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को भी सुबह घने से मध्यम कोहरा पड़ सकता है जबकि दिन में मौसम शुष्क रहेगा। साथ ही न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है जबकि शनिवार से न्यूनतम तापमान में फिर से वृद्धि होगी।

मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ ईरान में सक्रिय है जो 30 जनवरी की रात पश्चिमी हिमालय में दस्तक दे सकता है। इसके पीछे ही एक और पश्चिमी विक्षोभ दो फरवरी को आने की संभावना है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से ग्वालियर-चंबल संभाग में 31 जनवरी से तीन फरवरी तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान एक व दो फरवरी को तेज बारिश भी हो सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / शरद शर्मा
