

संभल,29 जनवरी (हि.स.)। जनपद संभल की लखपति दीदी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ किया मंच साझा, दिल्ली से वापस आने पर समूह की महिलाओं ने ढ़ोल के साथ स्वागत किया।

जनपद संभल के बनियाखेड़ा गांव की अनुपमा सिंह की कहानी आज ग्रामीण भारत की आत्मनिर्भरता की मजबूत मिसाल बन चुकी है। सीमित संसाधनों से शुरू हुआ उनका सफर अब नई दिल्ली के राष्ट्रीय मंच तक पहुंच गया जहाँ गणतंत्र दिवस के अवसर पर उन्हें केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ मंच साझा करने का अवसर मिला। वह भी पहले सामान्य ग्रामीण महिलाओं की तरह आर्थिक संघर्ष से जूझ रही थी। जानकी स्वयं सहायता समूह और द्वारकाधीश प्रेरणा संकुल समिति से जोड़ने के बाद उन्होंने आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया।

गोमय उत्पादन को उद्यम के रूप में अपना कर उन्होंने न केवल अपनी आय बढ़ाई बल्कि अन्य महिलाओं को भी रोजगार से जोड़ा वर्तमान में उनके साथ सक्रिय रूप से 23 महिलाएं जुड़ी हैं जबकि आवश्यकता के अनुसार 70 महिलाएं भी उनके साथ कार्य करती हैं उनका वार्षिक कारोबार लगभग 25 लाख रुपए तक पहुंच चुका है जिसमें होली पर हर्बल गुलाल, रसगुल्ला, ब्यूटी पार्लर सेवाएं, मोटे अनाज के लड्डू और गोमय यानि गाय के गोबर से बने अन्य उत्पाद शामिल हैं।
देशभर से 14 लखपति दीदियों को गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में सम्मिलित किया गया जहां मंच पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ मंच साझा करते हुए उन्हें केंद्रीय मंत्री के साथ वार्ता करने का अवसर भी मिला। दिल्ली से लौटने के बाद समूह की महिलाओं ने उनके कार्यालय पर पहुंचकर ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया और तिलक भी किया। इस अवसर पर समूह की सभी महिलाएं काफी प्रसन्न नजर आईं और नृत्य भी किया।
इस विषय में जानकारी देते हुए लखपति दीदी अनुपमा सिंह ने बताया कि इस उपलब्धि में जिलाधिकारी संभल डॉ. राजेंद्र पैंसिया की अहम भूमिका रही। यदि वह उन्हें ट्रेनिंग के लिए नागपुर नहीं भेजते तो उन्हें यह कामयाबी नहीं मिलती। उनकी यह उड़ान आज संभल की नहीं बल्कि पूरे देश की ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी है।
बनियाखेड़ा विकासखंड के सहायक विकास अधिकारी अमित यादव ने कहा कि लखपति दीदी अनुपमा सिंह ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ मंच साझा कर बनियाखेड़ा विकासखंड का ही नहीं बल्कि पूरे जनपद का नाम देशभर में रोशन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar
