रांची, 29 जनवरी (हि.स.)। रांची नगर निगम की ओर से समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से गुरुवार को बरियातू रोड स्थित स्वर्णरेखा ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन में पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस दौरान नर्सिंग, फार्मेसी एवं पारा मेडिकल के छात्राें के बीच फलदार पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के तहत पर्यावरण संरक्षण विषय उपस्थित लोगों में विद्यार्थियों को पौधारोपण, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण के महत्व की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
माैके पर बतौर मुख्य अतिथि समाजसेवी दीपक बंका ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने और प्रदूषण कम करने की अपील की।
मौके पर अन्य वक्ताओं ने कहा कि अच्छे पर्यावरण से ही अच्छे स्वास्थ्य की परिकल्पना संभव है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वर्णरेखा कॉलेज ऑफ फार्मेसी के प्राचार्य डॉ विद्यासागर, स्वर्णरेखा कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्या सोनी प्रसाद सहित अन्य की भूमिका रही। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि उप प्रशासक रविंद्र कुमार, सहायक अभियंता सौरभ कुमार केसरी, स्वर्णरेखा ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन के निदेशक डॉ सिद्धार्थ प्रकाश, रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी, रांची नगर निगम के सुपरवाइजर लोकेश कुमार, समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी आनंद केडिया सहित अन्य मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
