लखनऊ, 29 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने ‘नव मतदाता जोड़ो’ विशेष अभियान के तहत गुरूवार को लखनऊ महानगर मध्य विधानसभा क्षेत्र के तिलक नगर वार्ड में घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। बूथ संख्या 9, 10, 13 एवं 14 में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नागरिकों से संपर्क कर फॉर्म-6 उपलब्ध कराए और उन्हें भरवाकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में सहयोग प्रदान किया। बूथ प्रवासी एवं भाजपा लखनऊ महानगर सदस्य रवि प्रकाश जायसवाल ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य युवा मतदाता सूची से वंचित न रहे। कार्यकर्ता निरंतर घर-घर पहुंचकर फॉर्म भरवाने, जमा करवाने और पूरी प्रक्रिया में सहायता प्रदान कर रहे हैं, ताकि लोकतंत्र की मजबूती में हर युवा की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इस दौरान मुख्य रूप से बूथ अध्यक्ष आशीष सैनी, डॉ. रोहित जायसवाल (एडवोकेट), हिमांशु सोनकर, ऋषभ पाल, सौरभ गुप्ता सहित अन्य सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

