रांची, 29 जनवरी (हि.स.)। रांची के डोरंडा स्थित सेंट ज़ेवियर्स स्कूल में गुरुवार को ‘एआई अनलॉक्ड : वर्क स्मार्टर, नॉट हार्डर’ पुस्तक का विमोचन शैक्षणिक गरिमा और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच संपन्न हुआ। इस पुस्तक के लेखक डॉ. संतोष कुमार हैं, जो सेंट ज़ेवियर्स स्कूल, डोरंडा में कंप्यूटर साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) विभाग के प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं।

पुस्तक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के व्यावहारिक अनुप्रयोगों को सरल, सहज और उपयोगी भाषा में प्रस्तुत किया गया है, जिससे यह विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों के लिए भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। पुस्तक का प्रकाशन थॉर्नटन प्रेस द्वारा किया गया है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. डी.के. सिंह, कुलपति, झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी एवं रांची यूनिवर्सिटी ने एआई के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके नैतिक उपयोग (एथिकल यूज़) पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार और डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित मंत्री दीपिका पांडेय सिंह राजनीतिक व्यस्तता के कारण उपस्थित नहीं हो सकीं। उनका संदेश विद्यालय के डॉ. अभय सागर मिंज ने पढ़कर सुनाया। वहीं प्रोविंशियल फादर अजीत कुमार खेस का संदेश विद्यालय के प्राचार्य फादर फूलदेव सोरेंग की ओर से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता फादर फूलदेव सोरेंग ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन फादर रवि भूषण खेस, उप-प्राचार्य ने किया। इस अवसर पर शिक्षाविदों, विभिन्न स्कूलों के प्राचार्यों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।———–
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
