इटानगर, 29 जनवरी (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश स्वदेशी युवा संगठन (एपीयो) ने अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री से अपनी तीन सूत्री मांगों पर लिखित आश्वासन मिलने के बाद दिल्ली चलो अभियान स्थगित करने का निर्णय लिया है।

आज अरुणाचल प्रेस क्लब में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए, एपीयो के महासचिव तापोर मयिंग ने बताया कि उन्होंने 26 जनवरी को दिल्ली चलो अभियान की घोषणा की थी, क्योंकि राज्य सरकार उनकी तीन सूत्री मांगों, जिनमें अवैध जामा मस्जिद का विध्वंस, अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों का निष्कासन और इटानगर राजधानी क्षेत्र के साप्ताहिक बाजारों पर प्रतिबंध शामिल हैं, पर कोई प्रतिक्रिया देने में विफल रही थी। यह आंदोलन 6 अक्टूबर, 2025 से शुरू हुआ था और इसके साथ ही बंद, धरना, रैली आदि जैसे विभिन्न प्रकार के लोकतांत्रिक आंदोलन भी चलाए गए थे, इस बीच सरकर की ओर से कोई प्रतिकृया नहीं मिल रही थी।

उन्होंने कहा कि 27 जनवरी को इटानगर में मुख्यमंत्री पेमा खांडू और गृह मंत्री मामा नाटुंग के साथ हमारी मांगों को लेकर एक बैठक हुई और बैठक के दौरान राज्य सरकार द्वारा एपीयो द्वारा उठाई गई तीनों प्रमुख मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
मयिंग ने कहा कि सरकार ने अवैध जामा मस्जिद संरचनाओं को ध्वस्त करने, अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को हटाने और साप्ताहिक बाजारों पर प्रतिबंध लगाने के संबंध में एक तार्किक समाधान खोजने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त किया, जिसके बाद हमने अपना अंदोलन रोकने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि राज्य सरकार अपने वादे पर कायम रहेगी, क्योंकि हमारी मांगें राज्य और उसके नागरिकों के कल्याण के लिए हैं। हमारे अवलोकन के अनुसार, अवैध घुसपैठियों का मुख्य प्रवेश द्वार या 80 प्रतिशत अवैध प्रवेश साप्ताहिक बाजार है और राज्य सरकार ने डिजिटल माध्यम से परमिट जांच को सख्त करके इस अवैध प्रवेश पर निगरानी रखने का निर्णय लिया है।
राज्य सरकार ने कानून के अनुसार जामा मस्जिद के अवैध निर्माण पर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
उन्होंने बताया कि उनके सर्वेक्षण के अनुसार, इटानगर राजधानी क्षेत्र में 6 अवैध जामा मस्जिदें हैं, जिनमें से 3 इटानगर में, 2 नाहरलागुन में और एक निरजुली क्षेत्र में है।
इसके अलावा, उन्होंने अपनी मांगों पर प्रतिक्रिया देने के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया और अपने आंदोलन में उनका समर्थन करने के लिए राज्य की जनता का भी आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी
