रायपुर, 29 जनवरी (हि.स.)। मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से यानी सरगुजा संभाग में ठंड की वापसी होने वाली है।जबकि रायपुर, बिलासपुर और बस्तर संभाग के जिलों में अगले 4 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों तक प्रदेश में सर्दी और हल्की गर्मी का मिला-जुला असर दिखेगा। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 23°C – 30°C और न्यूनतम तापमान 12°C – 16°C के बीच रहने का अनुमान है।अंबिकापुर में यहाँ कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जहाँ न्यूनतम तापमान 10.8°C के आसपास दर्ज किया गया है। यहां सुबह कोहरा छाया हुआ है।बिलासपुर में अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम 15.4°C के करीब रहने की संभावना है। पेंड्रा में घना कोहरा छाया हुआ है।
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार सबसे कम तापमान अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 10.8°C रिकॉर्ड किया गया।दुर्ग और जगदलपुर में अधिकतम तापमान 31°C रहा ।राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 30°C (सामान्य से 1.6°C अधिक) और न्यूनतम तापमान 16.1°C दर्ज किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा
