पूर्वी सिंहभूम, 29 जनवरी (हि.स.)। जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह विजय गार्डन की निवासी विवाहित महिला प्रियंका कुमारी ने गुरुवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

परिजनों ने सिदगोड़ा थाना पहुंचकर हंगामा किया और प्रियंका के देवर पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया। बताया गया कि मृतका का देवर अमन ऑस्ट्रेलिया में रहता है और वह दो दिन पहले ही यहां आया था। परिजन आरोप लगा रहे हैं कि लगातार प्रताड़ना झेलते हुए प्रियंका ने यह दुखद कदम उठाया। प्रियंका के दो छोटे बच्चे हैं। उनकी शादी वर्ष 2017 में विजय गार्डन निवासी प्रशांत कुमार से हुई थी, जो टाटा स्टील में कार्यरत हैं।

पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
