सूरजपुर, 29 जनवरी (हि.स.)। आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, रायपुर द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DA-JGUA) के अंतर्गत जिला सूरजपुर में मानव संसाधन की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है। यह नियुक्ति अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परंपरागत वन निवासी (वन अधिकारों की मान्यता) अधिनियम, 2006 एवं नियम 2007 (संशोधित नियम 2012) के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से की जा रही है।

अभियान के तहत जिला स्तरीय वन अधिकार प्रकोष्ठ में जिला स्तरीय समन्वयक (समन्वयक – वन अधिकार अधिनियम) तथा उपखण्ड स्तर पर एमआईएस सहायक (सहायक – वन अधिकार अधिनियम) के पदों पर पात्र अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रस्तावित है। इसके लिए चयन प्रक्रिया के अंतर्गत साक्षात्कार का आयोजन किया जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार साक्षात्कार 4 फरवरी 2026 को दोपहर 12 बजे से कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, सूरजपुर में आयोजित होगा। पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने समस्त आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
इस नियुक्ति प्रक्रिया के माध्यम से वन अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को सुदृढ़ करने एवं जनजातीय क्षेत्रों में योजनाओं के बेहतर संचालन की दिशा में आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
