
अनूपपुर, 01 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की पवित्र नगरी (नर्मदा उद्गम) अमरकंटक में माघ मास की पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अनुपम दृश्य देखने को मिला। पतित-पावनी पुण्य सलिला मां नर्मदा के तटों पर भोर से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों श्रद्धालुओं ने रामघाट, कोटि तीर्थ घाट कुंड एवं आरंडी संगम पर आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य स्नान किया तथा मां नर्मदा उद्गम स्थल मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन, पूजन एवं अर्चन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

माघी पूर्णिमा के पावन पर्व पर देश के विभिन्न दूरस्थ अंचलों से आए नर्मदा भक्त, तीर्थयात्री, दर्शनार्थी एवं नर्मदा परिक्रमा वासी बड़ी संख्या में अमरकंटक पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान के उपरांत मां नर्मदा मैया एवं भगवान भोलेनाथ से सर्व मंगल, शांति, सुख-समृद्धि, अमन-चैन एवं परिवार तथा समाज के कल्याण की कामना की। नर्मदा तटों पर हर-हर नर्मदे और बोल बम के जयघोष से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।

माघ पूर्णिमा के अवसर पर स्नान-ध्यान एवं पूजन-अर्चन का क्रम प्रातः लगभग 5 बजे से प्रारंभ होकर देर शाम तक अनवरत चलता रहा। इस दौरान नर्मदा नदी के सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ बनी रही। वहीं मां नर्मदा उद्गम स्थल मंदिर परिसर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। इसके साथ ही पवित्र नगरी अमरकंटक के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की आवाजाही दिनभर बनी रही, जिससे नगर में विशेष रौनक देखने को मिली।
माघ पूर्णिमा के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जिला पुलिस अधीक्षक मोतिउर रहमान, एसडीओपी राजेंद्र ग्राम, नगर निरीक्षक नवीन तिवारी एवं लाल बहादुर तिवारी के नेतृत्व में नर्मदा घाटों, संगम स्थलों एवं नर्मदा मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस बल द्वारा निरंतर निगरानी रखी गई, जिससे श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित वातावरण में स्नान, ध्यान एवं दर्शन का लाभ प्राप्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला
