गुवाहाटी, 01 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय विदेश एवं वस्त्र राज्य मंत्री पवित्र मार्घेरिटा ने कहा कि इस बजट के माध्यम से असम को वस्त्र मंत्रालय से करीब छह हजार करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि डोनर मंत्रालय का बजट बढ़ाकर 6 हजार 812 करोड़ रुपये कर दिया गया है, जिससे पूर्वोत्तर राज्यों के विकास को नई गति मिलेगी।

राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने संसद में पेश बजट को जनमुखी और जनहितैषी बताते हुए कहा कि यह बजट आम जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि निवेश, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन इस बजट के प्रमुख स्तंभ हैं।

दिलीप सैकिया ने विश्वास जताया कि इस बजट से असम सहित पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश
