पूर्णिया, 01 फ़रवरी (हि.स.)। बिहार सरकार के सहकारिता तथा वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री के पूर्णिया आगमन पर परिषद भवन में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहकारिता विभाग से जुड़े प्रमंडल, जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान मंत्री ने धान अधिप्राप्ति सहित विभिन्न सहकारी योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि केवल कागजी काम से नहीं, बल्कि पंचायत स्तर तक जाकर किसानों से सीधे संपर्क करना जरूरी है।

मंत्री ने कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), बिहार राज्य फसल सहायता योजना, टैक्स कंप्यूटराइजेशन, सदस्यता अभियान सहित अन्य योजनाओं को मिशन मोड में लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हर पंचायत में जाकर प्रचार-प्रसार करें, किसानों को योजनाओं की जानकारी दें और पात्र लाभुकों को तुरंत लाभ दिलाएं।
मंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करने और किसानों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह
