जयपुर, 01 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने केंद्र सरकार के बजट को निराशाजनक बताते हुए कहा कि केंद्र के आम बजट ने देश के गांव,गरीब और किसान को निराश किया। महंगाई, रोजगार और मध्यम तथा निम्न आय वर्ग के मुद्दों पर पर्याप्त राहत देने वाले कोई नीतिगत उपाय इस बजट में नजर नहीं आए। वहीं आर्थिक आंकड़ों की पारदर्शिता और भरोसे में कमी भी इस बजट में नजर आ रही है।

बेनीवाल ने कहा की राजस्थान के संदर्भ में बात करे तो लंबे समय से राजस्थान को विशेष राज्य का दर्जा देने व भौगोलिक स्थिति को देखते हुए विशेष पैकेज देने की उम्मीद थी। मगर केंद्र की एनडीए सरकार ने फिर से इन मुद्दों पर भी राजस्थान की जनता को निराश किया और दुर्भाग्य इस बात का है कि बजट भाषण में वित्त मंत्री ने राजस्थान का नाम तक नहीं लिया। उन्होंने कहा कि सरकार 2047 के भारत की बात कर रही है मगर जनता को त्वरित राहत देने के किसी उपाय पर बजट में सरकार ने कोई बात नहीं की।

सांसद ने कहा कि रेल मंत्री खुद मारवाड़ से आते है और रेल राज्य मंत्री भी राजस्थान से राज्य सभा के सांसद है। मगर बजट घोषणा में जिन सात हाई स्पीड कॉरिडोर की घोषणा हुई। उसमें राजस्थान का कोई जिक्र बजट में नहीं किया गया। किसानों की कर्ज माफी और युवाओं को स्थाई रोजगार देने का कोई रोड मैप बजट में नजर नहीं आया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
