कोरबा, 1 फरवरी (हि. स.)। जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल कॉलोनी में मानव भ्रूण मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह घटना रविवार शाम कॉलोनी के पीछे नाली के पास सामने आई, जब स्थानीय निवासियों की नजर वहां पड़े भ्रूण पर पड़ी।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। देखते ही देखते कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में खबर फैल गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार भ्रूण नाली के किनारे पड़ा हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि इसे किसी अज्ञात महिला द्वारा वहां फेंका गया है।

सूचना मिलने पर बांकी मोंगरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की और मानव भ्रूण को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेज दिया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मामला अवैध गर्भपात से जुड़ा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि, यदि किसी को इस घटना से संबंधित कोई भी जानकारी हो तो वह तत्काल पुलिस को सूचित करे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
