कोलकाता, 01 फ़रवरी (हि. स.)। कोलकाता के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेले में रविवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सूत्रों के अनुसार, कई स्टॉलों की बिजली अचानक गुल हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट के कारण एक स्टॉल में आग लग गई, जिससे मेले के एक हिस्से में धुआं फैल गया। देखते ही देखते एक के बाद एक कई स्टॉलों की लाइट बंद हो गई।

सूत्रों के मुताबिक, छात्र संघर्ष से जुड़े एक स्टॉल में आग लगी थी। स्थिति को बिगड़ने से पहले ही अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस और प्रशासन की तत्परता के चलते कुछ ही समय में हालात सामान्य हो गए और किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।
इस बीच, कोलकाता पुस्तक मेला भीड़ के मामले में रिकॉर्ड की ओर बढ़ रहा है। महज 10 दिनों में 25 लाख से अधिक लोग मेले में शिरकत कर चुके हैं। मेले का समापन तीन फरवरी को होगा और बचे हुए तीन दिनों में पिछले साल के 27 लाख दर्शकों का रिकॉर्ड टूटने की संभावना जताई जा रही है।
हालांकि इस बार अब तक कोई बड़ी अप्रिय घटना सामने नहीं आई थी, लेकिन रविवार की घटना से मेले में कुछ देर के लिए अफरा तफरी फैल गई।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 1997 और 2016 में कोलकाता पुस्तक मेला परिसर में भीषण आग की घटनाएं हो चुकी हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
