कानपुर, 01 फरवरी (हि.स.)। यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित है। बुंदेलखंड जैसे क्षेत्र के लिए सिंचाई, जल संरक्षण एवं जल जीवन मिशन से जुड़े प्रावधान ऐतिहासिक साबित होंगे। किसानों के लिए आधुनिक कृषि तकनीक, फसल बीमा एवं कृषि अधोसंरचना को मजबूती देने से क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त होगी। यह बातें रविवार को भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।

केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को लेकर प्रकाश पाल ने कहा कि आम बजट 2026–27 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत संकल्प को साकार करने वाला दूरदर्शी और जनकल्याणकारी बजट है। सड़क, रेल, आवास एवं अन्य बुनियादी ढांचे में निवेश से उत्तर प्रदेश में विकास की गति और तेज होगी।

स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र में बढ़े प्रावधान बुंदेलखंड के दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर सुविधाएँ पहुंचाएंगे। मध्यम वर्ग को कर राहत एवं रोजगार सृजन से जुड़े निर्णयों से युवाओं को नए अवसर प्राप्त होंगे। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण हेतु किए गए प्रावधान सामाजिक परिवर्तन को गति देंगे।
यह बजट केवल आंकड़ों का नहीं, बल्कि आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला बजट है। विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को जनता समझ चुकी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर पूरा विश्वास जता रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आम बजट 2026–27 बुंदेलखंड और उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर व समृद्ध बनाने की मजबूत आधारशिला रखता है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
