झज्जर, 01 फ़रवरी (हि.स.)। पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने केंद्रीय आम बजट को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार का बजट चुनावी गणित और दक्षिण भारत के राज्यों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जबकि हरियाणा को अपेक्षित लाभ नहीं मिला। हरियाणा के हिस्से केवल निराशा ही आई।

दुष्यंत रविवार को यहां पार्टी द्वारा आयोजित यूथ योद्धा सम्मेलन में बतौर मुख्य वक्ता शामिल होने आए थे। मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बजट हरियाणा के लिए हीं नहीं बल्कि केरल और तमिलनाडु को छोड़कर देश के अन्य हिस्सों के लिए भी एक तरह से निराशावादी है। यह कहना भी कतई गलत नहीं है कि चुनावी लाभ लेने के लिए ही मोदी सरकार अपना बजट पेश करती है। इस बार भी ऐसा हीं हुआ।

इस बार के बजट में केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों पर विशेष ध्यान दिया गया, जबकि हरियाणा के हिस्से निराशा ही आई। यहां का युवा, किसान और अन्य वर्ग प्रदेश के लिए किसी बड़ी ठोस लाभान्वित करने वाली योजना का इंतजार कर रहा था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। दुष्यन्त चौटाला ने बजट में राखीगढ़ी के लिए घोषित 500 करोड़ रुपये पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने इसे नई घोषणा नहीं बल्कि पुराने प्रावधान का संशोधन बताया।
हाल के बजट में राखीगढ़ी को देश के प्रमुख ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों में शामिल करते हुए इसके विकास के लिए विशेष प्रावधान किए जाने की घोषणा हुई है। सरकार का उद्देश्य इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का पर्यटन और विरासत स्थल बनाना बताया गया है। दुष्यन्त चौटाला ने कहा कि साल 2021 में भी इसी राखीगढ़ी के लिए पांच सौ करोड़ का बजट में प्रावधान किया गया था, लेेकिन उसके रि.कॉल होने के बाद दोबारा से इस बजट में डालकर केंद्र सरकार अपनी पीठ थपथपा रही है। इस मौके पर पार्टी के झज्जर जिलाध्यक्ष संजय दलाल भी मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज
