फिरोजाबाद, 01 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को अपने आवास पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए आम जनमानस की समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही अक्षम्य है। अधिकारी संवेदनशीलता से कार्य करे।

जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की अपनी समस्याओं से पर्यटन मंत्री को अवगत कराया। जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए पर्यटन मंत्री ने मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से शिकायतों को निस्तारित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शीथिलता या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम जनता को अपने जायज काम के लिए कार्यालय के चक्कर लगाने न पड़े। हर प्रार्थना पत्र का निस्तारण एक निश्चित समय सीमा के अंदर किया जाए।
सरकार की प्राथमिकता अंतिम पायदान पर खड़े हर व्यक्ति की मदद करना है। जनसुनवाई के दौरान मुख्य रूप से राजस्व, पुलिस, प्रशासन, विकास कार्य और स्वास्थ्य विभाग इत्यादि से संबंधित मामले सामने आए, जिन्हें विभागों को तत्काल अग्रसारित किया गया।
इस दौरान पुलिस क्षेत्र अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
————–
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़
