बांकुड़ा, 01 फ़रवरी (हि. स.)। सर्दियों की छुट्टियों में बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने निकलते हैं और इसी कड़ी में बांकुड़ा जिले का जयजयरामबाटी भी एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। लेकिन पर्यटकों की भीड़ का फायदा उठाकर यहां कुछ लॉज में देह व्यापार चलाए जाने का आरोप सामने आया है। शिकायत मिलते ही जिला पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की।

पुलिस ने छापेमारी कर चार लॉज के मालिक और मैनेजर समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही अलग-अलग लॉज से सात महिलाओं को पकड़ा है।

इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने कहा कि आने वाले दिनों में इस तरह के अभियान और भी तेज किए जाएंगे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, काफी समय से जयरामबाटी में बाहर से महिलाओं को लाकर लॉजों में अनैतिक गतिविधियां चलाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर शनिवार शाम से देर रात तक एक के बाद एक कई लॉज में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान तीन लॉज से सात महिलाओं को बरामद किया गया और लॉज रजिस्टर समेत कई दस्तावेज और सामान जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपितों को अदालत में पेश किया गया, जहां उन्हें नौ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपितों से पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना को लेकर एसडीपीओ मैनाक बनर्जी ने रविवार को बताया कि 31 तारीख को जय रामबाती के कुछ लॉज में असामाजिक गतिविधियों की सूचना मिली थी। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें यह कार्रवाई की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि बांकुड़ा जिले में किसी भी तरह के अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
