जांजगीर-चांपा, 01 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के थाना शिवरीनारायण और पामगढ़ क्षेत्र में लगातार लूटपाट व जानलेवा हमलों से दहशत फैलाने वाले संगठित गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इन घटनाओं में कुल 13 लोग घायल हुए थे, जिनमें दो की हालत गंभीर है और एक पीड़ित कोमा में है।

जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक विजय पांडे ने बताया कि 27 और 29 जनवरी की दरम्यानी रात पांच अलग-अलग स्थानों पर आरोपितों ने रॉड, लोहे के पाइप व डंडों से राहगीरों पर हमला कर लूटपाट की थी। गिरोह के आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

वहीं एसपी पांडे ने आज बताया कि आज रविवार तड़के घेराबंदी के दौरान गिरोह के मास्टरमाइंड रामनाथ ने देशी कट्टे से पुलिस पर फायरिंग की, जिस पर जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। आरोपित को इलाज के बाद हिरासत में लिया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपितों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हथियार, वाहन, मोबाइल फोन व नकदी सहित कुल ₹4.09 लाख की संपत्ति जब्त की गई है। सभी आरोपितों के खिलाफ थाना शिवरीनारायण व पामगढ़ में बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस आगे भी अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
