विधायक ने देखा बजट का लाइव प्रसारण हमीरपुर, 01 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर ब्लॉक में रविवार को केंद्रीय बजट का लाइव प्रसारण सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने ब्लॉक प्रमुख जय नारायण सिंह यादव के साथ बैठकर देखा। इस मौके पर भाजपा के पूर्वी मंडल अध्यक्ष सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे। बाद में विधायक ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह विकासपरक बजट है। इससे प्रदेश के विकास को गति मिलेगी। बजट में गांव, गरीब, किसान, युवाओं एवं महिलाओं का विशेष ख्याल रखा गया है। केंद्र सरकार के बजट का लाइव प्रसारण ब्लॉक सभागार में विधायक की मौजूदगी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैठकर देखा। बाद में सदर विधायक ने कहा कि यह बजट देश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। बजट में सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है। इस वजह से देश के लोगों में खुशहाली की तस्वीर उभरेगी।

बजट से कस्बे के जूती उद्योग को राहत बजट में चमड़ा सस्ता किए जाने की घोषणा से कस्बे के जूती बाजार को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। सुमेरपुर कस्बे के जूती उद्योग को एक जिला एक उत्पाद में शामिल किया गया था। लेकिन इसके विकास को आज तक गति नहीं मिली। आम बजट में चमड़ा सस्ता करने की घोषणा की गई है। इससे सुमेरपुर कस्बे के जूती उद्योग को राहत मिलने के आसार बन गए हैं। जूती कारीगर वंशगोपाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने चमड़ा सस्ता करने की बजट में घोषणा की है। अगर चमड़ा सस्ता होगा, तो हमारे व्यापार को गति मिलेगा और कारोबार में सुधार होगा। महंगाई के चलते जूती उद्योग में सुधार नहीं हो रहा था।

किसानों महिलाओं के लिए निराशाजनक है बजट सुमेरपुर कस्बे की निवासी गोमती देवी ने कहा कि बजट में महिलाओं के लिए कुछ भी नहीं है। इस बजट में महिलाओं को निराश किया है। कस्बे के किसान भोला तिवारी ने कहा कि बजट में किसानों के लिए कोई घोषणा नहीं की गई है। सब कुछ पूर्व की भांति है। किसान बजट में कृषि यंत्र की कीमतें कम किए जाने की उम्मीद लगाए हुए थे। लेकिन कोई घोषणा नहीं हुई। बजट में बुंदेलखंड के किसानों को निराश किया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
