नैनीताल, 01 फ़रवरी (हि.स.)। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशन में नैनीताल जनपद में लंबे समय से लंबित निर्विवाद विरासत नामांतरण और राजस्व विवादों को निपटाने के लिए अभियान स्तर पर कार्यवाही की जा रही है। 29 जनवरी 2026 तक 7070 निर्विवाद विरासत नामांतरण प्रकरणों और 1473 राजस्व विवादों का समाधान किया जा चुका है।

तहसीलों में निस्तारित प्रकरणों की बात करें तो नैनीताल में 2237, रामनगर में 1280, हल्द्वानी में 728 और अन्य तहसीलों में भी कई प्रकरणों का समाधान हुआ। इस अभियान के तहत मार्गों, नहरों और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने सहित पेमाईश, मेढ़ विवाद, कुर्रा नक्शा और नाम संशोधन जैसे मामलों का भी समाधान किया गया है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यह अभियान निरंतर जारी रहे, जिससे नागरिकों को समयबद्ध राहत मिले और प्रशासन पर भरोसा मजबूत हो।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी
