पानीपत, 01 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत में एक व्यक्ति अपनी भैंस को ट्रेन की चपेट में आने से बचाने के चक्कर में खुद ट्रेन की चपेट में आ गया जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, गांव फरीदपुर निवासी गुरदयाल रोजाना की तरह शनिवार शाम को अपनी भैंस को घास चराने के लिए पशुबाड़े से बाहर लेकर गया था। टहलते हुए जब वह फरीदपुर रेलवे फाटक के पास पहुंचा तो अचानक उनकी भैंस रेलवे ट्रैक पर चढ़ गई।

उसी समय ट्रैक पर तेज रफ्तार ट्रेन आती दिखाई दी। अपनी भैंस को बचाने के लिए गुरदयाल बिना देर किए पटरियों पर चढ़ गया और भैंस की पूंछ पकड़कर उसे नीचे खींचने का प्रयास करने लगे। जब तक वह भैंस को हटा पाता ट्रेन बेहद करीब आ गई और दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गुरदयाल और भैंस दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे का पता लगने पर मौके पर पुलिस पहुंची। परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने इत्तेफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमॉर्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा
