जम्मू, 01 फ़रवरी (हि.स.)। श्री बावा भैड देव स्थान ट्रस्ट (पंजीकृत) द्वारा रविवार को डोगरा ब्राह्मण प्रतिभंधी सभा, चाणक्य चौक, प्रेडे जम्मू में एक भव्य एवं सुव्यवस्थित समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें वर्ष 2026 के वार्षिक पंचांग का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पंचांग का संयुक्त रूप से विमोचन जम्मू ईस्ट विधायक युद्धवीर सेठी, ट्रस्ट अध्यक्ष बलवंत सिंह और महासचिव रमेश शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूर्व उपायुक्त बी.एस. जम्वाल, डीबीपीएस अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा, एनएमसी अध्यक्ष सुभाष शास्त्री सहित विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीबीपीएस चेयरमैन एवं पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता पी.सी. शर्मा ने की। समारोह का शुभारंभ धार्मिक विद्वानों द्वारा मंत्रोच्चारण और श्लोक पाठ के साथ हुआ।

वक्ताओं ने बावा भैड देवता जी के इतिहास और धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि हजारों वर्ष पुराने इस पवित्र स्थल को पर्यटन मानचित्र पर शामिल किया जाए। साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों से वर्षभर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधारभूत ढांचे और अन्य सुविधाओं को विकसित व उन्नत करने की मांग भी की गई। इस अवसर पर जम्मू क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से आए सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ एंथेम, सौरव, कट्टल बट्टल और भैड गांव से आए श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बावा भैड देव स्थान ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं सहयोगी सदस्य ओम प्रकाश शर्मा, पूर्व सरपंच कृपाल सिंह, सुभाष शर्मा, गिरधारी लाल, एडवोकेट सी.एम. शर्मा, एडवोकेट अंकित शर्मा, रितिज खजूरिया, गुरदास शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा
