इंफाल, 01 फरवरी (हि.स.)। मणिपुर के विभिन्न जिलों में सुरक्षा बलों और पुलिस द्वारा बीते 24 घंटे में चलाए गए अलग-अलग अभियानों में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन कार्रवाइयों के दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थ, हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।

तेंगनौपाल जिले में सुरक्षा बलों ने तेंगनौपाल थाना क्षेत्र से हौलिम टोंगखोकाई मेटे (33) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से लगभग 8.3 किलोग्राम याबा टैबलेट बरामद की गईं। इसके अलावा एक मारुति सुजुकी वैगन-आर कार ( डब्ल्यूबी-06-जे-3605), एक स्मार्टफोन, एक आधार कार्ड और एक मतदाता पहचान पत्र भी जब्त किया गया।

इंफाल पश्चिम जिले में एक अन्य अभियान के तहत केसीपी (अपुनबा) के सक्रिय कैडर खैदेम अजितकुमार सिंह (25) उर्फ एडिसन उर्फ अबाई को लांपेल थाना क्षेत्र के हिनौपोक मणिंग लैरेक स्थित उसके इलाके से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
इसी जिले में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठन प्रीपाक के सक्रिय सदस्य नैमिरकपाम रोशन सिंह (25) को भी गिरफ्तार किया। वह इरेंगबाम मखा लेईकाई का निवासी है और वर्तमान में लांगथाबल निंगोमबाम में रह रहा था। उसे सिंगजामेई थाना क्षेत्र स्थित उसके आवास से पकड़ा गया।
उधर, मणिपुर पुलिस ने केआरए के स्वयंभू सार्जेंट मेजर लामगिनलाल चोंगलोई उर्फ रॉबिन (36) को कांगपोकपी जिले के सैकुल-केएमसी पुल क्षेत्र से गिरफ्तार किया। वह न्यू सैकुल गांव का निवासी है। उसकी गिरफ्तारी के दौरान एक 9 एमएम पिस्तौल, एक मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
वहीं दूसरी ओर सुरक्षा बल जिलों में सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान और एरिया डोमिनेशन जारी रखे हुए हैं। मणिपुर के अलग-अलग जिलों में, पहाड़ों और घाटी दोनों में, कुल 114 नाके/चेकपॉइंट लगाए गए थे, हालांकि किसी को हिरासत में नहीं लिया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर ज़रूरी सामान ले जा रहे 210 वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की गई है। सभी संवेदनशील जगहों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील हिस्सों में सुरक्षा काफिला मुहैया कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश
