मीरजापुर, 01 फ़रवरी (हि.स.)। माघ पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को मां विंध्यवासिनी के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह मंगला आरती के साथ ही मंदिर परिसर और कॉरिडोर में भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु गंगा स्नान के बाद दान-पुण्य कर मां के दर्शन के लिए विंध्यधाम पहुंचे।

श्रद्धालुओं ने अखाड़ा घाट, पक्का घाट और दीवान घाट पर आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद गेट नंबर एक, दो और तीन के रास्ते मंदिर प्रांगण में पहुंचकर मां के दर्शन-पूजन किए। हाथों में नारियल, चुनरी, माला, फूल और प्रसाद लेकर भक्त कतारबद्ध होकर दर्शन करते नजर आए। माघ पूर्णिमा के मौके पर देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालु पूरे दिन दर्शन-पूजन करते रहे। दोपहर में मध्यान आरती के लिए कुछ समय के लिए कपाट बंद किए गए, जिसके बाद शाम को संध्या आरती और रात में बड़ी आरती के पश्चात पुनः दर्शन का क्रम शुरू होगा। रात 12 बजे मां का कपाट बंद किया जाएगा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर धाम सुरक्षा प्रभारी सहित पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। वहीं यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए रेहड़ा चुंगी, पटेंगरा नाला चौराहा, बरतर तिराहा और मोतीझील मोड़ पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश रोका गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
