जौनपुर, 01 फरवरी (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में केंद्रीय बजट पेश होने के बाद रविवार को हिंदुस्थान समाचार प्रतिनिधि से बात करते हुए अपनी प्रतिक्रिया देते हुए खेलकूद युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीशचंद्र यादव ने आज पेश हुए केंद्रीय बजट की सराहना की। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट पिछले बजट की तुलना में लगभग 8 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने दावा किया कि यह बजट देश की गति को तीव्रता से आगे बढ़ाएगा और आर्थिक अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करेगा।

उन्होंने बताया कि बजट सभी सेक्टरों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। मंत्री के अनुसार, यह बजट गांव के गरीब, नौजवान, किसान और महिलाओं के उत्थान पर केंद्रित है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को पूरा करने वाला बताया। विपक्ष द्वारा बजट को ’पूंजीपतियों का बजट बताए जाने पर मंत्री गिरीशचंद्र यादव ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है और वे मुद्दाविहीन लोग हैं। यादव ने आरोप लगाया कि देश की जनता द्वारा नकारे जाने के बाद से विपक्ष सभी संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप-प्रत्यारोप कर रहा है। उन्होंने विपक्ष को हमेशा नकारात्मक टिप्पणी करने वाला बताया, जिनका देश के विकास से कोई सरोकार नहीं है।

बजट पर अपनी प्रक्रिया देते हुए नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राधे रमण जायसवाल ने कहा कि बजट पूरी तरह से सभी को समावेशित करते हुए प्रस्तुत किया गया है। व्यापारी ही तो प्रबुद्ध नागरिकों छात्रों, महिलाओं और सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। इस बजट से देश का चहुमुखी विकास दिखाई दे रहा है। श्री जायसवाल ने कहा कि यह बजट समावेशी है व्यापारी वर्ग लिए यह बजट पूरी तरह से खरा नहीं उतर पा रहा है। फिर भी मुझे जैसी जानकारी मिली है कि इसमें रोजगार परक बजट में चर्चा किया गया है। वित्त मंत्री द्वारा रोजगार सृजन के क्षेत्र में जो कार्य किया गया है वह बहुत ही सराहनीय है। बजट में जो महत्वपूर्ण बात है उम्मीद कर रहे थे की वरिष्ठ नागरिकों को कहीं ना कहीं छूट मिलेगी जो 60 वर्ष के ऊपर है उन्हें रेलवे में बस में छूट मिलेगी लेकिन उसको लेकर हम लोग कहीं ना कहीं मायूस हुए हैं। यह बजट जो पूरी तरह से समझ में आ रहा है समावेशी है और यह बजट आगामी दूरगामी परिणामों को देखते हुए पेश किया गया है। पूरे देश दुनिया की अर्थव्यवस्था को देखते हुए यह बजट पेश किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
