सेवाश्रम इंटर कॉलेज सुरियावां को खिताबी जीत पर मिले एक लाखउपविजेता बाँदा की टीम को 50 हजार रुपए का पुरस्कार

भदोही, 01 फरवरी (हि.स.)। सुरियावां के महर्षि आज़ाद स्टेडियम मेढ़ी में तेजधर ब्रह्मबाबा खेल समिति द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को फाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा। फाइनल मैच में सेवाश्रम इंटर कॉलेज सुरियावां ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बाँदा को 06 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबले में बाँदा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 190 रन बनाए। बाँदा की ओर से राहुल राज ने 43 गेंदों पर 82 रन की शानदार पारी खेली, जबकि सौरभ प्रताप ने 19 गेंदों पर 42 रन बनाकर मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेवाश्रम इंटर कॉलेज सुरियावां की टीम ने 18.4 ओवर में 4 विकेट खोकर 195 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
टीम की ओर से यश ने 31 गेंदों पर 54 रन की विस्फोटक पारी खेली। वहीं अनुराग राघव ने 33 गेंदों पर नाबाद 52 रन और दुर्गा चरण ने नाबाद 29 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। जबकि बाँदा की ओर से गेंदबाजी में वैभव पाल 03 ओवर, 32 रन, 01 विकेट), ध्रुव प्रताप सिंह 03 ओवर, 41 रन, 01 विकेट) और रंजीश कुमार (04 ओवर, 42 रन) ने संघर्ष किया, लेकिन लक्ष्य का बचाव नहीं कर सके।
मैच समाप्त होने के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में प्रतियोगिता के चीफ ऑर्गेनाइज़र प्रतीक महर्षि दुबे एवं फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि मडियाहूँ विधायक डॉ. आरके पटेल ने विजेता व उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। इस दौरान विजेता सेवाश्रम इंटर कॉलेज सुरियावां को एक लाख रुपये नगद व ट्रॉफी, जबकि उपविजेता बाँदा की टीम को 50हजार रुपये नगद व ट्रॉफी प्रदान की गई।फाइनल मैच के मुख्य अतिथि विधायक डॉ. आरके पटेल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ऐसे आयोजन युवाओं को नई दिशा देते हैं। भविष्य में सुरियावां क्षेत्र में मिनी स्टेडियम के निर्माण के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
प्रतियोगिता के चीफ ऑर्गेनाइज़र प्रतीक महर्षि दुबे ने कहा कि इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को मंच देना है। खिलाड़ियों और दर्शकों का जो सहयोग मिला है, उससे आगे भी ऐसे बड़े आयोजन कराए जाएंगे।इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, सचिव अमर बहादुर सिंह, सुरेश चंद्र मिश्रा,मोनू मिश्रा,विजयशंकर राय, राजमणि पांडेय, मथुरा प्रसाद यादव, दिनेश यादव दादा,जमींदार बिंद, राजकुमार सरोज, जेपी सिंह, श्याम बहादुर यादव, परमेंद्र गौतम, ,मनोज गौतम, अतुल सिंह, नितेश श्रीवास्तव,आशीष उपाध्याय सनी सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभुनाथ शुक्ल
