नाहन, 01 फ़रवरी (हि.स.)। जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के पश्मी गांव पहुंचकर रविवार दोपहर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने न्याय के देवता छत्रधारी चालदा महासू महाराज के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी डॉ. अमरीन विक्रमादित्य सिंह भी उनके साथ मौजूद रहीं।

महाराज के दर्शन के उपरांत विक्रमादित्य सिंह ने अपने भावुक और आध्यात्मिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि पश्मी में चालदा महासू महाराज के दर्शन करना उनके लिए एक दिव्य क्षण रहा। उन्होंने कहा कि पश्मी गांव में महाराज का विराजमान होना न केवल सिरमौर, बल्कि समूचे हिमाचल प्रदेश के लिए एक अद्वितीय आध्यात्मिक पड़ाव है क्योंकि सदियों पुरानी परंपरा में परिवर्तन करते हुए पहली बार उनका यह दिव्य प्रवास टोंस नदी पार कर देवभूमि के इस क्षेत्र तक पहुंचा है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि चालदा महासू महाराज का आगमन यहां के लोगों के लिए न्याय, समृद्धि और सामाजिक सद्भाव का संदेश लेकर आया है, जो लोक आस्था और देव संस्कृति की निरंतरता को और सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि देवभूमि हिमाचल की पहचान देव नीति, देव परंपराओं और प्रकृति के प्रति सम्मान से बनी है, जहां महासू देवता जैसे लोकदेव न्याय, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रतीक माने जाते हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर
